गोड्डा: हनवारा थाना में दर्ज ठगी के एक बड़े मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। जमीन दिलाने का झांसा देकर रिटायर्ड शिक्षक से करीब 27 लाख रुपये ठगने वाले आरोपी बिपिन पासवान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पीड़ित हनवारा निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक मुहम्मद कलीमुद्दीन (उम्र करीब 64 वर्ष) की शिकायत पर कांड संख्या 05/2025 दिनांक 13 फरवरी 2025 को दर्ज हुआ था। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 420, 467, 468, 471, 504 और 506 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीड़ित के अनुसार अभियुक्त भागलपुर जिले के बुद्धूचक थाना क्षेत्र के रानी दियारा गाँव निवासी स्व फौजदारी पासवान के पुत्र बीपीन पासवान एवं इसके सगे भाई सिपिल पासवान और सचिन पासवान ने सेवानिवृत्त शिक्षक कलीमुद्दीन के घर आकर जमीन दिलाने का प्रस्ताव रखा था। आरोपियों ने हनवारा की मंजू देवी की 5 बीघा 10 कट्ठा जमीन प्रति बीघा 7 लाख रुपये की दर से दिलाने का दावा किया। खुद को प्रभावशाली बताकर कम कीमत में रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिया गया और धीरे-धीरे अलग-अलग किस्तों में बड़ी रकम वसूल ली गई। प्राथमिकी के मुताबिक वर्ष 2021 से 2022 के बीच नगद, चेक और फोन-पे के जरिए किस्तों में रकम ली गई।
कुल मिलाकर करीब 27 लाख रुपये पीड़ित से वसूले गए। आरोप है कि आरोपियों ने जमीन के फर्जी कागजात दिखाए और रजिस्ट्री कराने का आश्वासन देकर लगातार टालमटोल करते रहे। बाद में जब पीड़ित ने कागजात मांगे तो आरोपी बहाने बनाने लगे और दबाव देने पर धमकी भी दी गई। इससे पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई।
मामला दर्ज होने के बाद से मुख्य आरोपी बिपिन पासवान लंबे समय से फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र के कोलबड्डा गांव में छापेमारी कर पुलिस ने मुख्य आरोपीत बिपिन पासवान को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
साथ ही कांड में संलिप्त बिपिन पासवान के दो सगे भाई अब तक फरार चल रहे है। हनवारा थाना प्रभारी ध्रुव कुमार ने बताया कि ठगी से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है और गिरोह में शामिल अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। जल्द ही नामजद अभियुक्त बिपिन पासवान के दो सगे भाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
जावेद रजा, ब्यूरो रिपोर्ट उजागर मिडिया

0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें