कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी नीलेश कुमार सिंह बने महागामा नगर पंचायत के उपाध्यक्ष, निर्विरोध चुनाव से समर्थकों में उत्साह


गोड्डा:
गोड्डा जिले के महागामा नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी नीलेश कुमार सिंह को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। उनके निर्विरोध चयन की घोषणा होते ही क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और बधाई देकर अपनी खुशी का इजहार किया।

जानकारी के अनुसार हाल ही में संपन्न महागामा नगर निकाय चुनाव में नीलेश कुमार सिंह ने वार्ड नंबर 3 से वार्ड पार्षद पद पर जीत हासिल की थी। इसके बाद उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में उन्हें नगर पंचायत के सभी 16 वार्ड पार्षदों का समर्थन प्राप्त हुआ। किसी अन्य प्रत्याशी द्वारा नामांकन नहीं किए जाने के कारण उन्हें निर्विरोध उपाध्यक्ष घोषित कर दिया गया।

नीलेश कुमार सिंह के निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने जाने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी। कांग्रेस जिला अध्यक्ष याहया सिद्दकी, प्रखंड अध्यक्ष मिनहाज आलम, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष मिन्हाजुलहक,बिपिन बिहारी सिंह तथा एनएसयूआई जिला अध्यक्ष मुन्ना राजा समेत कई नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में नगर पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि नीलेश कुमार सिंह एक सक्रिय, मिलनसार और जनप्रिय जनप्रतिनिधि हैं, जो हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाते रहे हैं। उनके उपाध्यक्ष बनने से महागामा नगर पंचायत में विकास कार्यों को मजबूती मिलेगी और आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

इस अवसर पर समर्थकों और स्थानीय लोगों ने उन्हें फूल-मालाओं से स्वागत किया और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। लोगों ने उम्मीद जताई कि नीलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में महागामा नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क, पानी, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास को नई दिशा मिलेगी।

-जावेद रजा,ब्यूरो रिपोर्ट,उजागर मिडिया 

Share on Google Plus

About Zawed Rja

उजागर मीडिया परिवार से आप सीधे जुड़ सकते है। जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें