![]() |
इसी बीच खाड़ी देशों से रमजान की शुरुआत की खबर आने के बाद भारत देश भर के साथ साथ गोड्डा समेत पूरे जिले में खुशी का माहौल बन गया है। सऊदी अरब में रमजान 1447 हिजरी का चांद मंगलवार रात नजर आ गया, जिसके साथ ही इस्लाम धर्म का सबसे पवित्र महीना रमजान शुरू हो गया। वहां बुधवार, 18 फरवरी 2026 से पहला रोजा रखा जा रहा है। चांद नजर आते ही मस्जिदों में तरावीह की नमाज शुरू कर दी गई और इबादत का सिलसिला तेज हो गया है।
मंगलवार, 17 फरवरी 2026 को शाबान माह की 29वीं तारीख थी। मगरिब की नमाज के बाद चांद नजर आने की पुष्टि होते ही रमजान की आधिकारिक घोषणा कर दी गई। इसके साथ ही खाड़ी देशों में धार्मिक माहौल बन गया है। मस्जिदों और इस्लामिक केंद्रों में विशेष नमाजों और दुआओं का आयोजन शुरू हो गया है।
रमजान से पहले Saudi Supreme Court ने देशभर के लोगों से अपील की थी कि वे शाबान की 29वीं तारीख को चांद देखने की कोशिश करें। चांद नजर आने की सूचना मिलने के बाद ही रमजान शुरू होने का ऐलान किया गया। सुप्रीम कोर्ट की घोषणा के बाद मस्जिदों में तरावीह और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो गया।
भारत में कब नजर आएगा रमजान का चांद?
परंपरा के अनुसार भारत में रमजान का चांद सऊदी अरब के लगभग 24 घंटे बाद नजर आता है। 17 फरवरी को अमावस्या होने के कारण भारत में उसी दिन चांद दिखना संभव नहीं था। ऐसे में 18 या 19 फरवरी की शाम को चांद नजर आने की संभावना जताई जा रही है। यदि 18 फरवरी की शाम चांद दिखाई देता है तो भारत में पहला रोजा 19 फरवरी से रखा जाएगा। वहीं 19 फरवरी की शाम चांद नजर आने पर 20 फरवरी से रोजे की शुरुआत होगी।
क्यों अलग-अलग दिन शुरू होता है रमजान?
इस्लामिक या हिजरी कैलेंडर पूरी तरह चांद पर आधारित होता है। हर देश में स्थानीय तौर पर चांद दिखने के बाद ही रमजान की शुरुआत तय होती है। भौगोलिक स्थिति और मौसम के कारण चांद दिखने का समय अलग-अलग देशों में बदल जाता है, इसलिए रमजान की शुरुआत भी अलग-अलग दिन होती है।
इबादत,सब्र और नेकी का महीना
रमजान को इबादत, सब्र और खुदा की रहमत का महीना माना जाता है। इस दौरान मुसलमान रोजा रखते हैं, पांच वक्त की नमाज अदा करते हैं, तरावीह पढ़ते हैं, कुरआन की तिलावत करते हैं और जरूरतमंदों की मदद करते हैं। मान्यता है कि इसी पाक महीने में कुरआन शरीफ नाजिल हुआ था।
कुल मिलाकर,सऊदी अरब में रमजान की शुरुआत के साथ ही पूरी इस्लामी दुनिया में पाक महीने की बरकतों का आगाज हो चुका है। अब भारत समेत अन्य देशों में चांद नजर आने का इंतजार है, ताकि वहां भी रमजान की शुरुआत हो सके।
–जावेद रजा,ब्यूरो रिपोर्ट–उजागर मिडिया

0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें