ठाकुर गंगटी / गोड्डा : जिस बीमारी के लिए आम जनों को बड़े शहरों की दौड़ लगानी पड़ती थी। उस बीमारी का इलाज अब गोड्डा जिले के ठाकुर गंगटी में संभव कर दिखाया है। प्रखंड मुख्यालय थाना के निकट स्थित संजीवनी नर्सिंग होम के सर्जन डॉक्टर राधेश्याम मिश्रा और चंदना मिश्रा की टीम ने ऑपरेशन के माध्यम से एक 25 वर्षीय महिला के पेट से 14.300 किलोग्राम का ट्यूमर निकाला है। पीड़ित महिला बुखराना खातून मेहरमा प्रखंड के माल प्रतापपुर की निवासी है।
उनके परिजनों ने बताया कि पीड़ित बुखराना खातून करीब 1 वर्ष से गंभीर रूप से बीमार थी। पड़ोसी राज्य बिहार के कहलगांव, भागलपुर, पटना आदि कई जगहों के बड़े चिकित्सकों का चक्कर लगा चुकी थी।
1 सप्ताह पूर्व ठाकुरगंगटी प्रखंड मुख्यालय के संजीवनी नर्सिंग होम में दिखाने आई। चिकित्सक राधेश्याम मिश्रा ने देखने के बाद पीड़ित महिला बुखाराना खातून को नर्सिंग होम में भर्ती किया और उसके बाद इलाज शुरू किया।
सोमवार को डॉ. राधेश्याम मिश्रा और डॉ. चंदना मिश्रा दोनों ने मिलकर पेट का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन करने के बाद पीड़ित महिला के पेट से 14 किलो 300 ग्राम का ट्यूमर निकला।
चिकित्सक ने बताया कि उस ट्यूमर में खराब ब्लड और पस भरा हुआ है। बीमारी के कारण शरीर का अच्छा ब्लड उस ट्यूमर में खराब होकर जमा हो रहा था। उसी माध्यम से पस पिब भी बनता था। जिससे कि महिला को काफी परेशानी होती होगी। चिकित्सक ने यह भी बताया कि अब यह पीड़ित महिला जिंदगी के लास्ट स्टेज में चल रही थी।
अगर और 1 सप्ताह इनका इलाज नहीं किया जाता तो फिर बच पाना मुश्किल था। जानकारी हो कि बीते फरवरी माह से प्रखंड मुख्यालय में संजीवनी नर्सिंग होम का संचालन किया जा रहा है।
- उजागर मीडिया टीम, ठाकुरगंगटी।
0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें