गोड्डा: महागामा प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष सोमवार को राष्ट्रव्यापी मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत कांग्रेस पार्टी द्वारा एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद मिनहाज आलम ने की। धरना की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई।
धरना-प्रदर्शन में मुख्य रूप से कांग्रेस जिला अध्यक्ष याहिया सिद्दीकी, बीस सूत्री अध्यक्ष मोहम्मद फिरोज,नगर अध्यक्ष मनोज कुमार दास, मंडल अध्यक्ष,पंचायत अध्यक्ष सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को मजदूर और श्रमिक विरोधी बताते हुए तीखा हमला बोला।
जिला अध्यक्ष याहिया सिद्दीकी ने कहा कि मनरेगा कानून कांग्रेस की ऐतिहासिक देन है, जिसने ग्रामीण मजदूरों को 100 दिनों के रोजगार की गारंटी और अपने गांव में ही काम चुनने का अधिकार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा बजट में कटौती और 60:40 के नए अनुपात को लागू कर राज्य सरकारों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है, जिससे योजना का संचालन प्रभावित होगा और इसका सीधा नुकसान गरीब मजदूरों को उठाना पड़ेगा।
वहीं प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद मिनहाज आलम ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले गरीबों के आशियानों पर बुलडोजर चलाया गया और अब उनकी आजीविका पर हमला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता गांव की गलियों से लेकर सदन तक मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई लड़ेगा और समय पर मजदूरी भुगतान की मांग को लेकर पीछे नहीं हटेगा।
धरना के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए और मनरेगा बचाओ अभियान को तेज करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में एक मांग पत्र पदाधिकारी को सौंपा गया, जिसमें मनरेगा कानून को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने की मांग की गई।
इस अवसर पर असलम परवेज,अजमेर मूसा,मुस्ताक अहमद, युवा विधानसभा अध्यक्ष मिन्हाजुल हक,मोहम्मद शाहिद,गनी अख्तर,रुस्तम अली,इकराम आलम,मोहम्मद कमरुद्दीन,मोहम्मद हबीब आलम, अशोक यादव,शशि यादव,शोएब,प्रवीण सिंह,नीलेश सिंह,उमेश झा,आसिफ,इम्तियाज रिजवी,नावेद अख्तर,गांधी,शोहराब,शाहीन,मोजाहिद,इकबाल,प्रसेनजित,सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
-जावेद रजा,ब्यूरो रिपोर्ट,उजागर मीडिया

0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें