हनवारा थाना क्षेत्र में अपराध बेलगाम,पुलिस की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल

 

फाइल फोटो

डेस्क/गोड्डा:गोड्डा जिले के हनवारा थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही तीन बड़ी घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। एक के बाद एक घटनाओं में पुलिस की नाकामी साफ तौर पर नजर आ रही है, जिससे आम लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है।पहली घटना शहजादपुर चौक के आगे की है, जहां काम कर ट्रैक्टर से अपने घर लौट रहे मजदूरों को एक अज्ञात हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में आधा दर्जन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। कई मजदूर आज भी खाट पर पड़े दर्द से कराह रहे हैं, लेकिन घटना के इतने दिनों बाद भी फरार हाइवा और उसके चालक तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है। इससे पीड़ित मजदूरों और उनके परिजनों में गहरा रोष है।

दूसरी घटना हनवारा मिल्की चौक की है, जहां दिनदहाड़े मूंगफली बेचने वाले एक दुकानदार के दुकान से नकदी से भरा थैला चोर उड़ा ले गया। घटना भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई, इसके बावजूद चोर पुलिस की पकड़ से बाहर है। पीड़ित दुकानदार न्याय की गुहार लगा रहा है,लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति होती दिख रही है।

तीसरी घटना हनवारा बाजार की मेन सड़क किनारे स्थित एक ज्वेलरी दुकान की है। यहां चोरों ने शटर तोड़कर करीब 50 हजार रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। हालांकि ग्रिल तोड़ने में चोर असफल रहे, लेकिन चोरी की वारदात ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। इस मामले में भी पुलिस की सुस्ती लोगों को खटक रही है।

लगातार तीन घटनाओं के बाद भी यदि अपराधियों पर लगाम नहीं लग पाती है, तो यह हनवारा पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल है। अब देखना होगा कि पुलिस कब हरकत में आती है या अपराधी यूं ही खुलेआम वारदात करते रहेंगे।

Share on Google Plus

About Zawed Rja

उजागर मीडिया परिवार से आप सीधे जुड़ सकते है। जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें