हनवारा/गोड्डा: सोमवार को मिल्लत कॉलेज परसा में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत यूजी सेमेस्टर 2 सत्र 2024–28 की परीक्षा विधिवत रूप से आरम्भ हो गई। परीक्षा के पहले दिन दोनों पालियों में आयोजित परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह के साथ-साथ अनुशासन भी देखने को मिला। पहली पाली में विभिन्न विषयों की परीक्षाएं आयोजित की गईं। इसमें जियोग्राफी विषय में 69 परीक्षार्थी, होम साइंस विषय में 12 परीक्षार्थी तथा साइकोलॉजी विषय में 02 परीक्षार्थी शामिल हुए। इस प्रकार प्रथम पाली में कुल 83 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 13 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए।
परीक्षा के दौरान केंद्र पर सुरक्षा एवं निगरानी की पुख्ता व्यवस्था की गई थी, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। वहीं द्वितीय पाली में भाषा विषयों की परीक्षाएं आयोजित की गईं। इसमें इंग्लिश विषय में 29 परीक्षार्थी, हिंदी में 86, संस्कृत में 03, उर्दू में 64 तथा पर्सियन विषय में 01 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। द्वितीय पाली में कुल 183 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 18 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्र पर समयपालन एवं अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया।
केंद्राधीक्षक डॉ. तुषार कांत ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संचालित हुई। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित कर ली गई थीं। परीक्षा के सफल संचालन में परीक्षा नियंत्रक डॉ. जावेद, डॉ. ब्राह्मनाथ, रियाज़, नसीम, मोजाहिद, खालिद, मु. अब्दुल्लाह सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित थे।
जावेद रजा,ब्यूरो रिपोर्ट

0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें