![]() |
| प्रेस वार्ता कर जानकारी देते एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद |
•महागामा में रिश्तों का कत्ल: अवैध प्रेम प्रसंग में गई जान,तीन गिरफ्तार
•एसआईटी की कार्रवाई से खुला राज:भाई की हत्या में भाई-भाभी शामिल
•पान दुकानदार हत्याकांड का खुलासा: पत्नी-देवर की साजिश, सुपारी देकर कराई गई हत्या
•एसआईटी की कार्रवाई से उठा पर्दा: भाई-भाभी की साजिश, गंडासा से सिर पर वार
गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले अंतर्गत महागामा थाना क्षेत्र के मांगन पिपरा गांव में पान दुकानदार अमित मोदी (उम्र करीब 32 वर्ष) की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित एसआईटी टीम ने तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर इस हत्याकांड का उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 27 जनवरी की रात अमित मोदी को धारदार हथियार से सिर पर वार कर हत्या की गई थी। इस मामले में महागामा थाना कांड संख्या-12/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच में सामने आया कि हत्या की पूरी साजिश मृतक के अपने भाई रोहित मोदी और पत्नी सोनी देवी ने मिलकर रची थी। दोनों के बीच पिछले 5–6 वर्षों से अवैध प्रेम संबंध चल रहा था और वे अमित मोदी की हत्या कर विवाह करना चाहते थे।
योजना के तहत रोहित मोदी ने अपने गांव के दोस्त मो. शाइन आलम को एक लाख रुपये की सुपारी दी। मो. शाइन ने इस राशि में से 25 हजार रुपये देकर पड़ोसी बिजेन्द्र पासवान उर्फ बिदो को भी शामिल किया। दोनों ने घटना से एक सप्ताह पहले हाट से गंडासा खरीदा और तय योजना के अनुसार 27 जनवरी की रात शराब पिलाने के बहाने अमित मोदी को घर से बुलाकर सुनसान स्थान पर ले गए। वहां गंडासा से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मो. शाइन मृतक को घर से उसकी पत्नी के सामने से बुलाकर ले गया था। वहीं, हत्या के बाद मृतक का मोबाइल फोन सोनी देवी ने बंद कर छुपा लिया और बाद में गंगा स्नान के दौरान साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से नदी में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहा का गंडासा, खून लगी मिट्टी, दो मोबाइल फोन और महुआ शराब जैसा तरल पदार्थ बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मो. शाइन आलम (25), बिजेन्द्र पासवान उर्फ बिदो (35) और सोनी देवी (30) शामिल हैं। छापामारी दल में पुलिस निरीक्षक महगामा उपेंद्र कुमार महतो,महागामा थाना के प्रभारी मनोज कुमार पाल,सहित कई पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
–जावेद रजा,ब्यूरो रिपोर्ट,उजागर मिडिया


0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें