दीपों की रोशनी, शंख-घंटों की गूंज और मां गंगा के जयकारों से भक्तिमय हुआ पूरा वातावरण
गोड्डा:- महागामा प्रखंड के हनवारा में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आस्था, भक्ति और परंपरा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। श्री श्री 108 कार्तिक पूजा मेला समिति, हनवारा के तत्वावधान में आयोजित वार्षिक कार्तिक पूर्णिमा मेले का शुभारंभ बुधवार की संध्या भव्य गंगा आरती के साथ हुआ।
इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।गंगा आरती के दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर मां गंगा की आराधना की। आरती के साथ ही मंदिर परिसर में हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयकारे गूंजने लगे। दीपों की जगमगाहट, शंख-घंटों की मधुर ध्वनि और भजन-कीर्तन ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। आरती के पश्चात विधिवत मूर्ति पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने देवी-देवताओं के समक्ष माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।
वहीं, श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।इस आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेला समिति के सदस्यों एवं हनवारा ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से पूरे आयोजन की व्यवस्था की गई। इस दौरान थाना प्रभारी विकास कुमार,मुखिया प्रतिनिधि बद्री साह,मुखिया अनीता देवी,
केशरी यादव,अवध भगत,छट्ठू प्रसाद, नवरत्न शर्मा,अमित साह, अजय भगत,संजय भगत कन्हैया कुमार,अमन कुमार,मिलन कुमार आदि मौजूद रहे।गौरतलब है कि हनवारा का कार्तिक पूर्णिमा मेला वर्षों पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को संजोए हुए है। यह मेला केवल पूजा-पाठ और मनोरंजन का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और सामूहिक एकता की भी पहचान बन चुका है। हर वर्ष इस आयोजन का श्रद्धालुओं को बेसब्री से इंतजार रहता है।


0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें