गोड्डा : जिले के ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र के भेलाटीकर गांव के समीप एक कुआं से शनिवार को एक महिला की लाश बरामद की गई। जिसकी पहचान उसी गांव के रीता देवी के रूप में की गई है, जो सुनील ठाकुर की पत्नी थी। मृतका के पिता ने अपनी बेटी की हत्या को लेकर स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें दामाद समेत बेटी के ससुराल वालों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतका के पिता का आरोप है कि उसकी बेटी की पति सहित ससुराल वालों ने मिलकर हत्या करने के बाद शव को कुएं में डाल दिया। शनिवार को अहले सुबह भेलाटिकर गांव निवासी रीता देवी ( 28 ) का शव गांव के बगल में सझला मडैया के कुएं से बरामद किया गया। मिली जानकारी के अनुसार मृतका रीता देवी की शादी सुनील ठाकुर नामक युवक से 2007 ईस्वी में हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही लगातार पति पत्नी के बीच आपस में नोक-झोंक होता रहता था।
मृतका की दो पुत्री प्रियंका कुमारी एवं खुशबू कुमारी है। शुक्रवार को मृतका के पिता अनिल ठाकुर ने अपने दामाद सुनील ठाकुर के मोबाइल पर कॉल कर बेटी से बात करना चाहा तो दमाद के द्वारा ससुर को कहा गया कि आपकी बेटी निकल कर कहीं चली गई है। नहीं मिल रही है । दामाद की बात पर ससुर को संदेह हुआ और उन्होंने अपने रिश्तेदार को भेजकर पूरी घटना की जानकारी ली। पता चला कि उनकी पुत्री को मार कर कुएं में डाल दिया गया है, जिससे उनकी मौत हो गई है। लडकी के परिजनों को सूचना मिलते ही इसकी जानकारी ठाकुरगंगटी पुलिस को दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेज दिया गया। इस संबंध में मृतका के पिता अनिल ठाकुर ने ठाकुरगंगटी थाना में आवेदन देकर हत्या का मामला दर्ज कराया है। आरोप लगाया गया है कि दमाद सुनील ठाकुर (32 ), दमाद का भाई सूरज ठाकुर (28 ), सास वीणा देवी (55 ), गोतनी गुड़िया देवी (24) ,सभी ग्राम भेलाटीकर निवासी ने मिलकर उनकी बेटी को मार डाला है और शव को छिपाने के नियत से कुआं में डाल दिया गया है।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
ठाकुरगंगटी थाना प्रभारी फुलेश्वर सिंह ने बताया कि मृतका के पिता अनिल ठाकुर ने पूरे बेटी के ससुराल वालों पर मिलकर प्रताड़ित कर हत्या का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया है । उसी के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें