![]() |
| पदभार ग्रहण करते नए उपायुक्त भोर सिंह यादव |
गोड्डा : गोड्डा के नए उपायुक्त भोर सिंह यादव ने पद ग्रहण कर लिया है। बुधवार को उन्होंने समाहरणालय कक्ष में निवर्तमान उपायुक्त किरण कुमारी पासी से पदभार ग्रहण किया। योगदान देने के साथ ही नए उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ बैठक में प्राथमिकताएं तय की। कहा कि पारदर्शी और जवाबदेह कार्यसंस्कृति से वंचित जनता को न्याय देना उनकी प्राथमिकता होगा।
कहा कि अभी कोरोना संक्रमण से जिले को बचाने के लिए प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील होकर कार्य करेगा। सरकार की गाइडलाइन का सख्ती से अनुपालन कराना प्रशासन का दायित्व है। इस दौरान उपायुक्त भोर सिंह यादव ने कहा कि गोड्डा जिले ने विकास के मामले में पूर्व से ही कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने निवर्तमान डीसी की प्रशंसा करते हुए कहा कि गोड्डा को मिले उनके अनुभवों को वे आगे कायम रखेंगे।
नए उपायुक्त ने कहा कि जिले के कंटेनमेंट जोन में जांच और ट्रेसिग की कार्रवाई तेज की जाएगी। लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलना है, मास्क पहनना और शारीरिक दूरी का अनुपालन जरूरी है।
पारदर्शी व जवाबदेह कार्यसंस्कृति लागू की जाएगी
पदभार के बाद समाहरणालय कक्ष में उपायुक्त ने डीडीसी सुनील कुमार, अपर समाहर्ता रंजीत लाल और सदर एसडीओ संजय पीएम कुजूर के साथ मंत्रणा की। उपायुक्त ने कहा कि पारदर्शी और जवाबदेह कार्यसंस्कृति लागू की जाएगी ताकि जिले के वंचित समाज को सरकार की योजनाओं से जोड़ा जा सके।
उपायुक्त ने जिले के क्वारंटाइन सेंटरों और कोविड केयर सेंटर में बिजली, पानी, शौचालय एवं खाद्य सामग्री की उपलब्धता पर गंभीरता दिखाई है। कोविड सेंटर में रह रहे मरीजों की देखभाल में स्वास्थ्य विभाग को बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में कोरोना टेस्ट की रफ्तार भी बढ़ाई जाएगी। दोनों अनुमंडल में स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
- ब्यूरों रिपोर्ट, गोड्डा।


0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें