कहलगांव : अनुमंडल अंतर्गत सन्हौला प्रखंड के राष्ट्रीय उच्च विद्यालय सनोखर हाट के मैदान में सोमवार को टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज हुआ l टूर्नामेंट का उद्घाटन तेलौंधा पंचायत के मुखिया शिव कुमार साह, सनोखर पंचायत के सरपंच पति मदन कुमार साह और राष्ट्रीय उच्च विद्यालय सनोखर हाट के प्रधानाध्यापक रियाज अहमद ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया l
मौके पर उपस्थित मुखिया शिव कुमार साह ने सभी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी खेल भावना और अनुशासन के साथ खेल के प्रत्येक क्षण का आनंद लें l उन्होंने आयोजक मंडली को इस टूर्नामेंट में हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया l उद्घाटन मैच में भल्लू एकादश की टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करते हुए एनसीसी सनोखर की टीम को 153 रनों पर रोका, जवाब में लक्ष्य का पीछा करती हुई भल्लू एकादश की टीम ने 15 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर लक्ष्य पाकर बड़ी जीत दर्ज की l
भल्लू की टीम की तरफ से 27 गेंदों पर 50 रनों की आतिशी पारी खेलने वाले चिक्कू कुमार को मैन ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया l मैच में उद्घोषक डॉ सुनील मिश्रा एवं नयन तिवारी तथा स्कोरर अर्जुन केशरी एवं शिवांशु शर्मा तथा मिथिलेश सिंह एवं चंदन झा निर्णायक की भूमिका में थे l टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए गफ्फार, अंशु, दीपक के साथ एनसीसी सनोखर टीम के सभी सदस्य सक्रियता से लगे हुए हैं l
- कहलगांव से बालकृष्ण कुमार की रिपोर्ट।

0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें