गोड्डा/महागामा : ग्रामीण विकास सह पंचायती राज विभाग मंत्री एवं महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने भाजपा प्रवक्ता पिंटू महादेव द्वारा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि छाती पर गोली मारने जैसी भाषा केवल एक व्यक्ति की जुबान नहीं, बल्कि भाजपा की उस जहरीली राजनीति का परिणाम है, जो लगातार नफरत, हिंसा और जहर फैलाने का काम कर रही है।
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी, जिनकी आवाज को आज देश की जनता सुन रही है और स्वीकार कर रही है, उन्हें खुलेआम हत्या की धमकी दी जा रही है। यह महज एक बयान नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा पर हमला है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस पार्टी और देश पहले ही पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को हिंसा की साजिश का शिकार होते देख चुका है, लेकिन देशवासी अब उस इतिहास को दोहराने नहीं देंगे।
मंत्री ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी की सुरक्षा के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है। उनकी यात्राओं की जानकारी लीक की जाती है और सुरक्षा कवच कमजोर किया जाता है। क्या यह किसी सुनियोजित षड्यंत्र का हिस्सा नहीं है?
दीपिका पांडेय सिंह ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से देश से माफी माँगने की मांग की। साथ ही कहा कि ऐसे प्रवक्ताओं पर तुरंत कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। यदि भाजपा कार्रवाई नहीं करती, तो यह साफ हो जाएगा कि नफरत की राजनीति शीर्ष नेतृत्व की सरपरस्ती में ही चल रही है।
-जावेद रजा,ब्यूरो रिपोर्ट,उजागर मीडिया

0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें