मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया माँ दुर्गा का दर्शन,क्षेत्र और राज्य की खुशहाली की कामना

 


गोड्डा : नवरात्र के पावन अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने बुधवार को महागामा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों में पहुँचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने महागामा प्राचीन दुर्गा मंदिर,चपरी,मिश्र गंगटी तथा ठाकुरगंगटी प्रखंड अंतर्गत रेशम नगर भगैया स्थित माँ दुर्गा मंदिर के अलावा अन्य मन्दिरों में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंत्रोच्चारण और धार्मिक विधि-विधान के बीच मंत्री ने माता रानी के चरणों में नमन किया और क्षेत्र की जनता की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि नवरात्र आस्था, शक्ति और आत्मबल का पर्व है। माँ दुर्गा की आराधना से न केवल सकारात्मक ऊर्जा मिलती है, बल्कि समाज में शांति और सौहार्द का वातावरण भी बनता है।


इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने भी माता रानी से परिवार और क्षेत्र की समृद्धि की प्रार्थना की। मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ और उत्साह देखते ही बन रहा था। मंत्री को देखने और आशीर्वाद लेने के लिए लोग उनके पास पहुँचते रहे।

ग्रामीणों से बातचीत के दौरान दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि महागामा विधानसभा उनके लिए परिवार जैसा है और जनता की सेवा ही उनका संकल्प है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों को गति देने और गाँव-गाँव तक बुनियादी सुविधाएँ पहुँचाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।

पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें नवरात्र की शुभकामनाएँ दीं। पूरे क्षेत्र में इन दिनों नवरात्र की धूम है और जगह-जगह भव्य पंडालों में दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। श्रद्धालु उपवास, भजन-कीर्तन और पूजा-पाठ के माध्यम से माँ दुर्गा की आराधना कर रहे हैं।

-जावेद रजा,ब्यूरो रिपोर्ट,उजागर मीडिया

Share on Google Plus

About Zawed Rja

उजागर मीडिया परिवार से आप सीधे जुड़ सकते है। जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें