महागामा में धूमधाम से मनाई गई गांधी जयंती,अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने बापू को दी श्रद्धांजलि

 


गोड्डा: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती महागामा प्रखंड मुख्यालय स्थित गांधी जी सद्भावना स्थल पर धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर प्रशासनिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। महागामा एसडीओ आलोक वरण केसरी, एसडीपीओ चन्द्रशेखर आजाद, प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनाराम हांसदा, अंचलाधिकारी खगेन महतो, जिप सदस्य प्रतिनिधि याहया सिद्द्की, सामाजिक कार्यकर्ता ख़ुशतर हसनैन उर्फ बुलबुल तथा नोसेरेवां आदिल ने बापू को श्रद्धासुमन अर्पित किया और उनके आदर्शों को नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने गांधी जी के विचारों को समाज में आत्मसात करने और उनकी शिक्षाओं को जीवन में उतारने का संकल्प भी लिया।


कार्यक्रम में एसडीओ आलोक वरण केसरी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के बल पर न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व को नया मार्ग दिखाया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि कठिन से कठिन परिस्थिति का सामना भी धैर्य और अहिंसा से किया जा सकता है। वहीं, एसडीपीओ चन्द्रशेखर आजाद ने युवाओं से आह्वान किया कि वे गांधी जी की सोच और आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।

प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनाराम हांसदा ने गांधी जी के ग्राम स्वराज के सिद्धांतों को आज की परिस्थितियों में अत्यंत प्रासंगिक बताया। अंचलाधिकारी खगेन महतो ने कहा कि गांधी जी ने समाज को भाईचारे, सत्य और अनुशासन का जो संदेश दिया, वही देश की असली ताकत है।

जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि गांधी जयंती केवल श्रद्धांजलि देने का दिन नहीं, बल्कि उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज में सद्भावना व शांति बनाए रखने की प्रतिज्ञा का दिन है।

-जावेद रजा,ब्यूरो रिपोर्ट,उजागर मीडिया

Share on Google Plus

About Zawed Rja

उजागर मीडिया परिवार से आप सीधे जुड़ सकते है। जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें