गोड्डा : झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री एवं महागामा की लोकप्रिय विधायक दीपिका पांडे सिंह एक बार फिर जिले और राज्य का नाम रोशन करने जा रही हैं। वे स्विट्जरलैंड के ल्यूसेर्न शहर में आयोजित होने वाले प्रोग्रेसिव अलायंस के वार्षिक जेंडर इक्वेलिटी कॉन्फ्रेंस में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह सम्मेलन 25 अक्टूबर को आयोजित होगा, जिसमें मंत्री दीपिका पांडे सिंह “ऑनलाइन लैंगिक-आधारित हिंसा का मुकाबला करने के सबक” विषय पर पैनल वक्ता के रूप में हिस्सा लेंगी। इस सत्र में वे मलेशिया, ग्वाटेमाला, न्यूज़ीलैंड, डेनमार्क और तंजानिया की महिला नेताओं के साथ चर्चा करेंगी।
इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड की मंत्री के रूप में दीपिका पांडे सिंह की भागीदारी राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल उनके लिए नहीं बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि झारखंड में ग्रामीण विकास की दिशा में सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं, महिलाओं की भागीदारी और पंचायत स्तर पर सशक्तिकरण के कार्यों को वे वैश्विक मंच पर साझा करेंगी।
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, सतत ऊर्जा और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श होगा। दीपिका पांडे सिंह की इस पहल से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड की नीतियों और ग्रामीण विकास मॉडल को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
महागामा क्षेत्र में इस खबर से समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। सभी ने मंत्री की इस उपलब्धि को क्षेत्र और राज्य के लिए गर्व की बात बताया है। उनके इस दौरे से झारखंड की वैश्विक पहचान और मजबूत होगी तथा राज्य के विकास कार्यों को एक नई दिशा मिलेगी।

0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें