सनहौला में ‘इलाज’ के नाम पर खेल,एसडीएम की रेड में दो क्लीनिक सील

 


बिना एनेस्थीसिया हो रहे थे ऑपरेशन, एसडीएम की रेड में दो क्लीनिक सील

सन्हौला/संवाददाता:कहलगांव अनुमंडल प्रशासन की छापेमारी में सनहौला में फर्जी इलाज का बड़ा खुलासा हुआ है। गुरुवार को एसडीएम कृष्ण कुमार गुप्ता ने सामुदायिक भवन के समीप संचालित रिमझिम क्लीनिक और वर्षा बेबी केयर में अचानक जांच की, जहां स्वास्थ्य मानकों की खुलेआम अनदेखी सामने आई। जांच के बाद दोनों क्लीनिकों को सील करने का निर्देश दिया गया। 

छापेमारी के दौरान भर्ती मरीजों को तत्काल सन्हौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जांच में पाया गया कि क्लीनिकों में जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं और मानक उपकरण उपलब्ध नहीं थे। कई दवाएं और मशीनें भी नियमों के विपरीत मिलीं।

सबसे चौंकाने वाला खुलासा रिमझिम क्लीनिक में हुआ, जहां बिना एनेस्थीसिया के ऑपरेशन किए जाने की बात सामने आई। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार दास ने बताया कि सूचना मिलने पर एसडीएम के नेतृत्व में जांच की गई और आरोप सही पाए गए। इसके बाद ऑपरेशन थिएटर और वार्ड को सील कर दिया गया। 

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बड़े-बड़े डॉक्टरों के नाम बोर्ड पर लिखे गए थे, लेकिन इलाज कंपाउंडर और स्टाफ के भरोसे चल रहा था। गरीब और कम पढ़े-लिखे मरीज सस्ते इलाज के चक्कर में यहां पहुंचते थे।

छापेमारी के दौरान बीडीओ कन्हैया कुमार,मजिस्ट्रेट रवि कुमार और थानाध्यक्ष रूपेश कुमार भी मौजूद रहे। प्रशासन ने मामले में आगे कानूनी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।


-बालकृष्ण कुमार 


Share on Google Plus

About Zawed Rja

उजागर मीडिया परिवार से आप सीधे जुड़ सकते है। जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें