•बैठक में संगठन के आंदोलनों को जन-जन तक पहुंचाने में पत्रकारों के योगदान की सराहना
गोड्डा : रविवार को राजेंद्र स्टेडियम, ऊर्जा नगर महागामा में झारखंड ऑफिसर्स, टीचर्स एंड एम्पलाइज फेडरेशन (झारोटेफ) की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय संगठन सचिव अतिकुर रहमान ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष सह अनुमंडल प्रवक्ता रीतेश रंजन ने किया। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों और विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से आगामी 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन के विभिन्न आंदोलनों और संघर्षों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
पत्रकारों ने संगठन की मांगों और कार्यक्रमों से संबंधित खबरों को प्रमुखता से प्रकाशित कर संगठन के संघर्ष को समाज और सरकार तक पहुंचाने में अहम सहयोग किया है।सदस्यों ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन, कैशलेस मेडिकल सुविधा, चाइल्ड केयर लीव सहित अन्य मांगों को लेकर झारोटेफ ने लगातार संघर्ष किया। इन आंदोलनों की खबरों को पत्रकारों ने लगातार प्रमुखता दी, जिससे संगठन की मांगों को व्यापक स्तर पर समर्थन और पहचान मिली।
वक्ताओं ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली,कैशलेस मेडिकल सुविधा और चाइल्ड केयर लीव जैसी मांगों को सरकार द्वारा स्वीकार किए जाने के पीछे संगठन के संघर्ष के साथ पत्रकारों के सकारात्मक सहयोग का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इसी योगदान के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से गांधी जयंती पर पत्रकारों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया।बैठक में प्रखंड सचिव गंगेश गुंजन, कोषाध्यक्ष अब्दुस शकूर, निलेश कुमार, राजेंद्र पंडित, सनातन कुमार दास, सुनील पंडित, शमशाद, खुर्शीद आलम सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
ब्यूरो रिपोर्ट,जावेद रजा

0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें