डीएसई दीपक कुमार ने पुस्तक व शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित, शिक्षकों व विद्यार्थियों ने साझा किए अनुभव
गोड्डा : हनवारा स्थित मध्य विद्यालय हनवारा के प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार के सेवानिवृत्त होने पर शनिवार को विद्यालय परिसर में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) दीपक कुमार उपस्थित हुए। उन्होंने सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार को पुस्तक एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। शिक्षकों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए विद्यालय के शैक्षणिक विकास,अनुशासन एवं बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने में उनके योगदान की सराहना की। बारी बारी से सभी वक्ताओं ने कहा कि जितेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर प्रयास किया।
विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने भी अपने प्रधानाध्यापक के साथ बिताए अनुभव साझा करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। इस दौरान विद्यालय परिसर का माहौल भावुक हो गया।
डीएसई दीपक कुमार ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक को स्वस्थ, सुखी एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं, जितेंद्र कुमार ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में बिताया गया समय उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। उन्होंने विद्यालय परिवार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर नव पदस्थापित प्रधानाध्यापक आरिफ सोहेल, शिक्षक जावेद, नजीर अहमद, हाजी मास्टर अब्दुल अजीज, रितेश रंजन, अतिकुर रहमान, प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मु. शरीफ, उपाध्यक्ष खुशबू देवी समेत तमाम शिक्षक एवं प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित थे।
ब्यूरो रिपोर्ट,जावेद रजा


0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें