कहलगांव : कहलगांव विधानसभा के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक पवन कुमार यादव सोमवार को जिलाधिकारी, सांसद एवं सभी विभागों के अधिकारियों के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित दिशा की बैठक में कहलगांव विधानसभा के विभिन्न समस्याओं को मजबूती से उठाया।
दोपहर एक बजे से 3 बजे तक तक 2 घंटे के बैठक में विधायक पवन यादव ने कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित विभिन्न सड़कों के मुद्दे को उठाया विधायक द्वारा क्षेत्र में अत्यंत आवश्यक जगहों पर पुल पुलिया के निर्माण, आयुष्मान भारत सहित चिकित्सा संबंधी समस्या से अधिकारियों को अवगत कराते हुए इसे और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक पहल करने को कहा।
कहलगांव श्मशान घाट पर विद्युत शवदाह गृह, शेड एवं पेयजल की व्यवस्था करने को कहा l कहलगांव शहर के नाले के गंदे पानी को सीधे गंगा में गिरने से रोकते हुए जल प्रदूषण नियंत्रण करने के लिए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण, कागजी टोला में हो रहे गंगा कटाव के मुद्दे को मजबूती से उठाया। साथ ही विधानसभा अंतर्गत नल जल योजना का मुद्दा उठाते हुए हर घर नल का जल मुहैया कराने को सुनिश्चित करने को कहा। विद्युतीकरण का मुद्दा उठाते हुए हर घर विद्युत पहुंचाने का लक्ष्य रखते हुए जर्जर विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर बल दिया।
दीनदयाल उपाध्याय कौशल विकास योजना के अंतर्गत कहलगांव विधानसभा क्षेत्र में प्रशिक्षण केंद्र खोलने एवं रोजगार मेला लगाने को कहा। साथ ही विधानसभा अंतर्गत सभी विद्यालयों में शौचालय, पेयजल, बिजली आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
- कहलगांव से बालकृष्ण कुमार की रिपोर्ट।

0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें