गोड्डा: जिले में हरितालिका तीज आज मनाया जाएगा। वहीं तीज व्रत का पारण शुक्रवार को होगा। इसके मद्देनजर महागामा प्रखंड क्षेत्रों में व्रतियों ने तीज को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। मालूम हो कि बुधवार को तीज व्रत करने वाली सुहागिनों ने नहाय-खाय का अनुष्ठान संपन्न कर लिया है। आज के दिन सुहागिन महिलाएं दिनभर निर्जला और निराहार रहेंगी और भगवान महादेव की पूजा करेंगी।
पूजा मंडप में व्रती बालू एवं मिट्टी से पार्थिव शिवलिंग तैयार करेंगी। समूह में मंडप में इकट्ठी महिलाएं रंग-बिरंगी बांस की डलिया में सजे पूजन सामग्री और नैवेद्य से देवाधिदेव की पूजा करेंगी। पूजा के बाद भगवान भोले शंकर से अमर सुहाग की कामना करेंगी। इस मौके पर तीज की कथा का श्रवण भी सुहागिनें करेंगी। मान्यता है कि तीज व्रत पर व्रती रात्रि जागरण भी करती हैं। इस मौके पर भजन-कीर्तन का आयोजन भी होता है। पारण पर आरती के बाद सुहागिनें मां पार्वती को सिंदूर चढ़ाएंगी और हलवा का भोग लगाएंगी। इसके बाद व्रत पारण होगा।
सुबह से लेकर शाम 5.13 बजे तक श्रेष्ठ मुर्हूत:
हरितालिका व्रत के लिए हस्त नक्षत्र में श्रेष्ठ मुर्हूत आज सुबह से लेकर शाम 5.13 बजे तक है। स्थानीय कई पंडित को पूछे जाने पर बताया कि नौ सितम्बर को देर रात 2.13 बजे तक एवं हस्त नक्षत्र शाम 5.13 बजे तक है। इस कारण महिलाएं सौभाग्य कामना के साथ गुरुवार को शाम तक भोले बाबा की अराधना करेंगी। वह अत्यंत शुभ काल होगा।
दिनभर व्रत की तैयारी में जुटी रहीं महिलाएं:
तीज व्रत को लेकर महिलाएं बुधवार को दिनभर तैयारी में जुटीं रहीं। घरों में ठेकुआ के साथ पिड़ूकिया आदि पकवान बनाए गए। वहीं, बाजार में व्रत को लेकर दिनभर खरीदारी चलती रही। जिस कारण बाजार में चहल-पहल बढ़ी रही। महागामा प्रखंड क्षेत्र के व्यापारिक क्षेत्र महागामा बाजार, बसुआ चौक, हनवारा बाजार में साड़ी की दुकानों में व्रतियों की भीड़ दिखी। इस क्षेत्र की दुकानों में महिलाओं ने अपनी पसंद की साड़ी व अन्य वस्त्र खरीदे। हनवारा बाजार गली एवं इसके आसपास की कई शृंगार प्रसाधन की दुकानों में भी महिलाओं की भीड़ देखी गई। साज-शृंगार के लिए महिलाओं ने इमिटेशन ज्वेलरी के अलावा शृंगार प्रसाधनों की खरीदारी की। बाजार में गले के लिए मोतियों की माला, डिजाइनर इयर रिंग समेत शंखा-पाला की भी बिक्री ज्यादा हो रही है। वहीं महिलाओं ने हाथों में भी अपनी पसंद की मेहंदी रचायी।
महागामा बसुआ चौक, हनवारा बाजार में सुहागिनों ने पूजा की दुकान से तीज व्रत की बांस से बनी डलिया एवं पूजन सामग्री की खरीदारी की।
ब्यूरो रिपोर्ट:- जावेद अख्तर
0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें